नई दिल्ली/दुबई।
पाकिस्तान ने आगामी टी-20 विश्व कप में भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान सरकार ने रविवार को आधिकारिक रूप से स्पष्ट किया कि उसकी टीम टूर्नामेंट में भाग लेगी, लेकिन भारतीय टीम के खिलाफ मुकाबला नहीं खेलेगी। इस निर्णय पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने चिंता जताते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से अपने रुख पर पुनर्विचार करने को कहा है।
भारत से मैच के बॉयकॉट का पाकिस्तान पर संभावित असर
1. ग्रुप स्टेज से बाहर होने का खतरा
ICC की प्लेइंग कंडीशन के क्लॉज 16.10.7 के अनुसार, यदि कोई टीम मैच का बॉयकॉट करती है तो उसे 20 ओवर में शून्य रन माना जाएगा, जबकि दूसरी टीम का एक भी ओवर नहीं गिना जाएगा। ऐसे में पाकिस्तान का नेट रन रेट गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता है, भले ही वह अपने बाकी मैच जीत ले।
ग्रुप-ए में भारत और पाकिस्तान के अलावा नामीबिया, नीदरलैंड और अमेरिका की टीमें शामिल हैं। यदि पाकिस्तान इन तीन मैचों में से एक भी हारता है, तो उसके ग्रुप स्टेज से बाहर होने की संभावना प्रबल हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि अमेरिका ने पिछले विश्व कप में पाकिस्तान को हराकर उसे टूर्नामेंट से बाहर किया था, जबकि नीदरलैंड भी बड़े उलटफेर करने के लिए जाना जाता है।
2. ICC द्वारा प्रतिबंध की आशंका
ICC ने PCB से औपचारिक स्पष्टीकरण मांगा है कि उसने भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार क्यों किया। यदि पाकिस्तान संतोषजनक कारण प्रस्तुत नहीं करता है, तो ICC उसे इसी विश्व कप से प्रतिबंधित भी कर सकता है। इससे पहले भी कई टीमों पर इसी तरह के मामलों में कार्रवाई हो चुकी है।
3. PSL को NOC मिलने पर संकट
पाकिस्तान सुरक्षा कारणों का हवाला नहीं दे सकता, क्योंकि उसकी टीम अपने सभी मैच भारत के बजाय श्रीलंका में खेलेगी। यदि PCB बांग्लादेश के समर्थन का तर्क देता है, तो भी ICC कार्रवाई कर सकता है, क्योंकि पहले ही चेतावनी दी जा चुकी है कि ऐसा करने पर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) नहीं मिलेगा।
4. नॉकआउट में भारत से मुकाबले पर असमंजस
PCB ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि यदि नॉकआउट चरण में पाकिस्तान का सामना भारत से होता है तो वह खेलेगा या नहीं। ICC सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान से इस पर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और संतोषजनक जवाब न मिलने पर सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।
पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा कि टीम विश्व कप खेलने के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार के फैसले का पालन करेगी। उनका कहना है कि खिलाड़ी केवल अपने प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
5. भविष्य की मेजबानी पर असर
पाकिस्तान ने 2025 में 29 वर्षों बाद चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी की थी, लेकिन मौजूदा विवाद के कारण ICC भविष्य में उसे टूर्नामेंट की मेजबानी से वंचित कर सकता है। भारत-पाक मैच से ICC को बड़ा राजस्व मिलता है, इसलिए मैच न होने से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए पाकिस्तान के वार्षिक रेवेन्यू शेयर में कटौती भी की जा सकती है।
