नोएडा श्रमिक प्रदर्शन: 13 अप्रैल 2026 को नोएडा की सड़कों पर जो मंजर दिखा, वह ‘नए भारत’ की औद्योगिक चमक के पीछे छिपी एक कड़वी हकीकत को बयां कर रहा था। हज़ारों श्रमिक अपने बुनियादी हक—वेतन वृद्धि—की मांग के लिए सड़कों पर थे। किसी की तनख्वाह 9,000 है तो किसी की 11,000, और इस महंगाई के दौर में एनसीआर जैसी जगह पर यह राशि ‘ऊंट के मुंह में जीरा’ के समान है।
आश्वासन की जगह मिली लाठियाँ
जब मालिकों से ठोस आश्वासन नहीं मिला, तो विरोध का स्वर उग्र हुआ। लेकिन समाधान निकालने के बजाय उत्तर प्रदेश पुलिस एक बार फिर अपने पुराने अवतार में दिखी। नियम-कानूनों को ताक पर रखकर श्रमिकों और यहाँ तक कि पत्रकारों पर भी लाठियां बरसाई गईं। 300 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या लोकतंत्र में शांतिपूर्ण मांग का अंत जेल की सलाखों के पीछे ही होगा?
अर्थशास्त्र का डरावना गणित
हालाँकि सरकार ने न्यूनतम वेतन में 21% की वृद्धि की घोषणा की है, लेकिन मौजूदा ऊर्जा संकट और आसमान छूती गैस की कीमतों और महँगाई के बीच यह समाधान कितना कारगर होगा ? जब ब्लैक में गैस सिलेंडर 3 से 4 हज़ार रुपये में मिल रहा हो, तो 9000 कमाने वाला युवा 5000 का किराया और 3000 की गैस के बाद अपना जीवन कैसे चलाएगा? यह सवाल शासन के ‘विकास’ वाले दावों को कटघरे में खड़ा करता है।
विचारों का विरोधाभास
विडंबना देखिए, 13 अप्रैल को लाठियां बरसती हैं और 14 अप्रैल को बाबा साहेब अंबेडकर की 135वीं जयंती पर नेता मंचों से ‘सामाजिक समता’ का भाषण देते हैं। क्या बाबा साहेब के विचारों में श्रमिकों का दमन शामिल था? इसके साथ ही, प्रदेश के श्रम मंत्री द्वारा इस विरोध में ‘पाकिस्तान का एंगल’ डालना अपनी विफलताओं से पल्ला झाड़ने जैसा है और यह सवाल उठाता है यदि मंत्री जी की बात मान भी ली जाए तो क्या आंतरिक सुरक्षा की विफलता का ठीकरा भी श्रमिकों पर ही फोड़ा जाएगा?
निष्कर्ष
इसमें कोई दो राय नहीं कि उपद्रवी तत्व ऐसे आंदोलनों का लाभ उठाते हैं, लेकिन प्रशासन की जिम्मेदारी असली समस्या का हल निकालना है, न कि हर मांग को ‘साजिश’ करार देना। अगर जवाबदेही तय नहीं हुई, तो सिस्टम पर से आम आदमी का भरोसा उठना तय है।
