अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस की बेटियों और महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यूपी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन ‘वामा सारथी’ (Vaama Saarthi) ने प्रदेश भर से चुनी गई 14 महिलाओं और लड़कियों को उनकी ‘अनुकरणीय उपलब्धियों’ के लिए सम्मानित किया।
लखनऊ में आयोजित इस गरिमामय समारोह की थीम ‘Give To Gain’ रखी गई थी। वामा सारथी की अध्यक्ष मीनाक्षी सिंह ने इन सभी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और कहा कि ये उपलब्धियां न केवल व्यक्तिगत गौरव हैं, बल्कि पूरे पुलिस विभाग के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
530 नामांकनों में से चुनी गईं 14 ‘शक्ति’
एसोसिएशन ने इस सम्मान के लिए प्रदेश के सभी जिलों से ऑनलाइन आवेदन मांगे थे, जिसमें कुल 530 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। वामा सारथी की स्क्रीनिंग कमेटी ने गहन जांच के बाद अलग-अलग क्षेत्रों में नाम रोशन करने वाली 14 महिलाओं का चयन किया। खास बात यह है कि ये सभी विजेता अराजपत्रित (Non-Gazetted) पुलिस कर्मियों के परिवारों से हैं।
इन अचीवर्स ने बटोरी सुर्खियां:
-
स्वाति रोझा (Shamli): एक सब-इंस्पेक्टर की बेटी स्वाति आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। वह एक मशहूर मोटो-ब्लॉगर और डिजिटल क्रिएटर हैं। उनके यूट्यूब पर 4.6 लाख और इंस्टाग्राम पर 5.6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। उन्हें ‘पेट्रोलहेड ऑफ द ईयर’ के खिताब से भी नवाजा जा चुका है।
-
अपूर्वा और अपूर्वी (Bulandshahr): इन दोनों बहनों ने 2020 में ‘एक कदम संस्कृत की ओर’ अभियान शुरू किया था। सोशल मीडिया के जरिए 5.5 लाख से ज्यादा लोगों को संस्कृत सिखाने वाली इन बहनों ने ‘द संस्कृत पाठशाला’ नाम की पुस्तक भी लिखी है।
-
भावना चौधरी (Ghaziabad): एक इंस्पेक्टर की बेटी भावना ने CDSE-1 (2016) में ऑल इंडिया 8वीं रैंक हासिल की। वह BSF एयर विंग में पहली महिला फ्लाइंग ऑफिसर/फ्लाइट इंजीनियर बनकर इतिहास रच चुकी हैं।
-
नेहा सिंह: विजुअल आर्टिस्ट और लेखिका नेहा सिंह के नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स सहित कई अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज हैं। उन्होंने दुनिया का सबसे बड़ा हाथ से बुना हुआ ‘यूपी पुलिस का बैज’ तैयार कर एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए दावा पेश किया है।
-
पद्मिनी मिश्रा: ICMR में साइंटिस्ट-बी और एक SI की पत्नी पद्मिनी ने बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से अपनी पीएचडी पूरी की है। उनके शोध पत्र विश्व प्रसिद्ध जर्नल ‘द लैंसेट’ (The Lancet) में प्रकाशित हो चुके हैं।
प्रेरणा का नया अध्याय
सम्मान समारोह के दौरान यह संदेश स्पष्ट था कि सीमित संसाधनों के बावजूद पुलिस परिवारों की ये महिलाएं विज्ञान, रक्षा, कला और डिजिटल मीडिया जैसे क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। वामा सारथी का यह प्रयास इन प्रतिभाओं को न केवल मंच प्रदान करता है बल्कि समाज में महिलाओं की बदलती भूमिका को भी रेखांकित करता है।
