आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि यही वह मैदान है जहां पिछले दो आईसीसी टूर्नामेंट में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि उन मैचों में काली मिट्टी की पिच का इस्तेमाल हुआ था, जबकि इस बार फाइनल के लिए अलग तरह की मिट्टी से नई पिच तैयार की गई है।
नई पिच से हाई-स्कोरिंग मैच की उम्मीद
फाइनल के लिए तैयार इस पिच पर टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ एक मैच खेला गया है, जो साउथ अफ्रीका और कनाडा के बीच हुआ था। उस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 213 रन बनाए थे, जबकि कनाडा की टीम 156 रन तक ही पहुंच सकी थी। इस मैच के आधार पर माना जा रहा है कि फाइनल भी हाई-स्कोरिंग हो सकता है। पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार दिखाई दे रही है और गेंदबाजों के लिए चुनौती बन सकती है, जिससे बड़े स्कोर और आक्रामक बल्लेबाजी देखने को मिल सकती है।
भारत बनाम न्यूजीलैंड का इतिहास
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और न्यूजीलैंड तीन बार आमने-सामने आए हैं और हर बार भारत को हार झेलनी पड़ी है। हालांकि एक दिलचस्प तथ्य यह भी है कि न्यूजीलैंड अब तक टी20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत पाया है। दूसरी तरफ भारतीय टीम दो बार चैंपियन बन चुकी है और यह उसका चौथा फाइनल है, जबकि न्यूजीलैंड दूसरी बार फाइनल में पहुंचा है। पूरे टूर्नामेंट में टीम इंडिया का प्रदर्शन मजबूत रहा है, इसलिए फाइनल में उसे जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
किसके हिस्से आएगी ट्रॉफी?
न्यूजीलैंड के कप्तान ने भी साफ कहा है कि ट्रॉफी जीतने के लिए अगर किसी का दिल टूटता है तो उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है। ऐसे में अब सवाल यही है कि फाइनल के बाद भारतीय फैंस खुश होंगे या न्यूजीलैंड का पहला खिताब जीतने का सपना पूरा होगा।
यह मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। भारत में मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क, जियोहॉटस्टार और डीडी स्पोर्ट्स पर देखा जा सकेगा।
